भागलपुर में ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़ 73.19 ग्राम नशीला पदार्थ, 1.18 लाख रुपये के साथ तस्कर गिरफ्तार ,

Muskan Gupta


NEWS PR डेस्क: भागलपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित ब्राउन शुगर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 73.19 ग्राम ब्राउन शुगर, 1 लाख 18 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान अनिकेत कुमार के रूप में हुई है। पुलिस अब उसके नेटवर्क और नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

मामला भागलपुर के हबीबपुर थाना क्षेत्र स्थित नवटोलिया शाहजंगी के पास का है। सिटी एसपी अतुलेश झा के मुताबिक, हबीबपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अनिकेत कुमार इलाके में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पहले उसका सत्यापन किया और फिर एक टीम गठित कर संबंधित ठिकाने पर छापेमारी की

छापेमारी के दौरान पुलिस ने अनिकेत कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 73.19 ग्राम ब्राउन शुगर, 1 लाख 18 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

सिटी एसपी ने बताया कि मामले की जांच कई बिंदुओं पर की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जा रही थी। साथ ही, इस अवैध कारोबार के पीछे किसी अंतरराज्यीय गिरोह की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन और अन्य जानकारियों के आधार पर उसके संपर्कों को खंगाल रही है, ताकि नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।

भागलपुर पुलिस की इस कार्रवाई को इलाके में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

भागलपूर से शयामानंद सिंह की रिपोर्ट ;-

Share This Article