TRE-4 Candidates Protest: ‘सभी बीमारी का एक ही इलाज CM सम्राट चौधरी’, मुख्यमंत्री से मिलने पर अड़े छात्र

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :पटना में BPSC TRE-4 अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के दौरान डाकबंगला चौराहे पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने जा रहे छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसी दौरान प्रदर्शन कर रही एक छात्रा अचानक सड़क पर बेहोश होकर गिर गई। छात्रा के सड़क पर पड़े रहने से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

छात्रा के बेहोश होने के बाद पुलिसकर्मियों ने उसे उठाने की कोशिश की। बाद में SDPO (विधि व्यवस्था-2) कोमल मीणा मौके पर पहुंचीं और पुलिसकर्मियों को छात्रा को उठाने का निर्देश दिया। इसके बाद पुलिसकर्मी उसे उठाकर पुलिस वाहन तक ले गए। हालांकि, शुरुआती तौर पर छात्रा सड़क पर ही पड़ी रही।
बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े अभ्यर्थी
बता दें कि BPSC TRE-4 अभ्यर्थी परीक्षा से जुड़ी कई मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में TRE-4 में एक ही परीक्षा, निगेटिव मार्किंग खत्म करने और 100 फीसदी डोमिसाइल नीति लागू करने की मांग शामिल है। छात्र मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग कर रखी थी। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और आगे बढ़ गए। इसके बाद डाकबंगला चौराहे पर पुलिस और छात्रों के बीच तनाव बढ़ गया।
CM से मिलने की मांग पर अड़े छात्र
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थी लगातार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की मांग कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि उनकी समस्याओं का समाधान मुख्यमंत्री से सीधे बातचीत के बाद ही संभव है। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने नारे लगाते हुए कहा, “सभी बीमारी का एक ही इलाज है, सीएम सम्राट चौधरी।” इस बीच प्रशासन की ओर से छात्रों को प्रतिनिधिमंडल के जरिए मुख्यमंत्री आवास ले जाकर मुलाकात कराने का आश्वासन दिए जाने की बात सामने आई है।बढ़ते तनाव को देखते हुए पटना के DM और SSP ने खुद मोर्चा संभाल लिया। शहर के प्रमुख इलाकों में पुलिस बल को अलर्ट किया गया है।

Share This Article