NEWS PR डेस्क: समस्तीपुर/रोसड़ा: समस्तीपुर जिले के रोसड़ा से भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई की खबर सामने आई है। भूमि सुधार उपसमाहर्ता (DCLR) कंचन कुमारी झा को कथित रूप से 2 लाख रुपये रिश्वत लेते निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उनके सरकारी आवास पर भी तलाशी ली गई, जहां करीब 13 लाख रुपये नकद मिलने की बात कही जा रही है। हालांकि, नकदी की बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।

जानकारी के मुताबिक, विभूतिपुर निवासी एक व्यक्ति ने DCLR के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद अधिकारियों ने मामले का गुप्त सत्यापन कराया। सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी कोर्ट से सर्च वारंट लेकर कार्रवाई शुरू की गई।
सुबह सरकारी आवास पहुंची टीम
गुरुवार सुबह करीब 9 बजे निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की विशेष टीम रोसड़ा स्थित DCLR के सरकारी आवास पहुंची। इसके बाद परिसर में तलाशी अभियान शुरू किया गया। टीम ने आवास में मौजूद दस्तावेजों, जमीन से जुड़े मामलों की फाइलों और अन्य महत्वपूर्ण कागजात की जांच की। इसके साथ ही संपत्ति और बैंक खातों से संबंधित दस्तावेजों को भी खंगाला गया। अधिकारियों द्वारा बरामद बताए जा रहे नकद रुपये और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
पूछताछ और जांच जारी
रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम कंचन कुमारी झा से पूछताछ कर रही है। मामले से जुड़े दस्तावेजों और कथित नकदी की जांच भी जारी है।फिलहाल निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। करीब 13 लाख रुपये नकद बरामद होने सहित कार्रवाई से जुड़ी अन्य जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। विभाग की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट होने की उम्मीद है।