NEWS PR डेस्क :अरवल जिले के बेलरखारा में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को अंतिम स्वीकृति मिलने की खबर से स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है। मेडिकल कॉलेज की मंजूरी को अरवल के स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज रंजन ने मेडिकल कॉलेज को अंतिम स्वीकृति मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए इसके लिए मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और मुख्य सचिव के प्रति आभार व्यक्त किया है।

उन्होंने इसे अरवल जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज बनने से जिले के लोगों को स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में इसका लाभ मिलेगा
स्थानीय स्तर पर बेहतर होंगी स्वास्थ्य सुविधाएं
मेडिकल कॉलेज के निर्माण से अरवल और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिलने की उम्मीद है। गंभीर मरीजों को इलाज के लिए पटना या अन्य बड़े शहरों की ओर रेफर करने की जरूरत भी कम हो सकती है।
इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज शुरू होने के बाद क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर पैदा होंगे। स्थानीय युवाओं को मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा और रोजगार के अवसर भी बढ़ने की संभावना है।
अरवल के विकास को मिलेगी नई दिशा
मेडिकल कॉलेज की अंतिम स्वीकृति को जिले के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र में आधारभूत संरचना, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।