कॉपी के बंडलों और फाइलों में बना रखा था शराब का तहखाना, मोतिहारी पुलिस ने 1652 बोतल बरामद कर 3 तस्करों को पकड़ा

Shreya Raj
मोतिहारी पुलिस की कार्रवाई में बरामद भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब के साथ पुलिस अधिकारी और गिरफ्तार तस्कर।

NEWS PR डेस्क: बिहार में शराबबंदी लागू होने के बावजूद तस्कर शराब छिपाने और उसे एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। मोतिहारी पुलिस ने ऐसे ही दो मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1652 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

कॉपी के बंडलों के बीच छिपाकर लाई जा रही थी शराब

सदर डीएसपी वन दिलीप कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जिले में शराब तस्करी के लिए नए तरीके अपनाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने शिवहर और सीतामढ़ी में छापेमारी की। इस दौरान सीतामढ़ी निवासी रोहित को गिरफ्तार किया गया, जिसे इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है।

पूछताछ में रोहित ने पुलिस को बताया कि मोतिहारी का आकाश नामक तस्कर दिल्ली से शराब मंगाता है। शराब को कॉपी के बंडलों के बीच छिपाकर मोतिहारी लाया जाता है। पुलिस को जानकारी मिली कि शराब की एक और खेप आने वाली है। इसके बाद नगर थाना क्षेत्र के अब्बास चौक के पास छापेमारी की गई।

पुलिस ने जब कॉपी के बंडलों को खोला तो उसके अंदर से 286 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बाहर से देखने पर ये बंडल सामान्य कॉपी के लग रहे थे, लेकिन उनके अंदर शराब छिपाकर रखी गई थी।

जेल में हुई थी आकाश से मुलाकात

रोहित ने पुलिस को बताया कि वह सीतामढ़ी जेल में बंद था। वर्ष 2024 में जेल के अंदर उसकी मुलाकात आकाश से हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद दोनों ने मिलकर शराब तस्करी का कारोबार शुरू किया। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

फाइलों के अंदर तहखाना बनाकर छिपाई गई थी 1366 बोतल शराब

शराब तस्करी का दूसरा मामला पिपरा कोठी थाना क्षेत्र का है। थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब की बड़ी खेप टेम्पू के जरिए ले जाई जा रही है। इसके बाद पिपरा कोठी ओवरब्रिज के नीचे वाहन जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान पुलिस को एक टेम्पू पर लदी फाइलों का वजन सामान्य से अधिक लगा। शक होने पर फाइलों की जांच की गई। इसके बाद पुलिस ने फाइलों के अंदर बनाए गए तहखाने से 1366 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने दोनों मामलों में शराब जब्त कर ली है। गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ की जा रही है और शराब के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क तथा इसमें शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा रहा है।

मोतिहारी से रिपोर्टर: संतोष राउत

Share This Article