NEWS PR डेस्क: भागलपुर में केरल पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों की गिरफ्तारी जोगसर थाना क्षेत्र स्थित एक अपार्टमेंट में छापेमारी के दौरान हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद हासिस, मोहम्मद सलालुद्दीन और अखिल जॉय के रूप में हुई है। कार्रवाई के बाद केरल पुलिस तीनों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर अपने साथ केरल ले गई।
13 किलो सिंथेटिक ड्रग्स की बरामदगी के बाद भागलपुर पहुंची पुलिस
जानकारी के अनुसार, केरल पुलिस की तीन सदस्यीय टीम रविवार से भागलपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ड्रग तस्करों की तलाश में छापेमारी कर रही थी। दरअसल, केरल के मल्लापुरम थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक तस्कर के पास से करीब 13 किलो सिंथेटिक ड्रग्स बरामद किया था। पूछताछ के दौरान पुलिस को ड्रग्स तस्करी से जुड़े कई अहम सुराग मिले।
इसी मामले में गिरफ्तार तस्कर से मिली जानकारी और उसकी निशानदेही के आधार पर केरल पुलिस भागलपुर पहुंची। पुलिस को सूचना मिली थी कि ड्रग्स तस्करी से जुड़े कुछ आरोपी भागलपुर में आकर छिपे हुए हैं। इसके बाद स्थानीय पुलिस की मदद से संदिग्ध ठिकानों पर निगरानी और छापेमारी शुरू की गई।

जोगसर थाना क्षेत्र के अपार्टमेंट में छापेमारी
गुप्त सूचना के आधार पर केरल पुलिस ने भागलपुर पुलिस के सहयोग से जोगसर थाना क्षेत्र स्थित एक अपार्टमेंट में छापेमारी की। इस दौरान वहां से मोहम्मद हासिस, मोहम्मद सलालुद्दीन और अखिल जॉय को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तीनों से पूछताछ की और उनके संबंध ड्रग्स तस्करी के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से होने की जानकारी जुटाई।
पुलिस ने फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया है कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से किसी तरह का ड्रग्स या अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ है या नहीं। पुलिस की कार्रवाई मुख्य रूप से केरल में दर्ज ड्रग्स बरामदगी के मामले से जुड़े आरोपियों की गिरफ्तारी पर केंद्रित रही।
ट्रांजिट रिमांड पर तीनों को केरल ले गई पुलिस
गिरफ्तारी के बाद केरल पुलिस ने तीनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लिया। इसके बाद उन्हें अपने साथ केरल ले जाया गया। अब केरल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क, सप्लाई चैन और इस मामले में जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाएगी।
पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश करेगी कि आरोपी भागलपुर में कब से छिपे हुए थे और उनके संपर्क किन-किन लोगों से थे। इस कार्रवाई के बाद अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई और नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
भागलपुर से रिपोर्टर: श्यामानंद सिंह