NEWS PR डेस्क :सहरसा जिले के सदर अस्पताल परिसर में पत्रकार के साथ डॉक्टर द्वारा कथित तौर पर किए गए हमले के विरोध में सुपौल जिले के पत्रकार संगठनों ने बैठक कर घटना की कड़ी निंदा की। नगर परिषद क्षेत्र के महाबीर चौक स्थित पत्रकार संजय सिंह के आवास पर आयोजित बैठक में प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े कई पत्रकार शामिल हुए।
पत्रकारों ने जताया आक्रोश,
बैठक में पत्रकारों ने सहरसा में हुई घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पत्रकारों के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। पत्रकारों ने घटना की निंदा करते हुए मामले में सरकार और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
बुधवार को आक्रोश मार्च का निर्णय,
बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि बुधवार शाम तक सरकार की ओर से इस मामले में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जाता है, तो सुपौल में पत्रकारों की ओर से आक्रोश मार्च निकाला जाएगा। पत्रकारों ने कहा कि जरूरत पड़ने पर बिहार के विभिन्न जिलों के पत्रकारों को भी एकजुट कर विरोध प्रदर्शन को व्यापक रूप दिया जाएगा।

बैठक में मौजूद पत्रकारों ने इस आंदोलन को पूर्ण सहयोग देने का आह्वान किया। पत्रकारों ने कहा कि पत्रकारों के सम्मान और सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर सभी पत्रकार संगठित होकर आवाज उठाएंगे और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।
सुपौल से अल्ताफ राजा की रिपोर्ट ;—