वैशाली में दबंगई की हद! होटल पर अंधाधुंध फायरिंग के बाद संचालक का अपहरण, ब्लेड से काटी उंगली

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : वैशाली: लालगंज थाना क्षेत्र के बेदौली चौक स्थित एक लाइन होटल में दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़ के बाद हथियारों से लैस बदमाशों ने होटल पर कथित तौर पर 20 राउंड से अधिक फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से होटल में अफरातफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। फायरिंग के दौरान होटल में मौजूद एक ग्राहक को गोली लग गई।
मामला यहीं नहीं रुका। होटल संचालक राजा कुमार के मुताबिक, गोलीबारी के बाद बदमाश उसे जबरन अपने साथ ले गए। सुनसान स्थान पर ले जाकर दूसरे पक्ष के लोगों के बारे में पूछताछ की गई। जानकारी देने से इनकार करने पर ब्लेड से उसके हाथ की उंगली काट दी गई और जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस के पहुंचने की खबर मिलने के बाद आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गए।
विवाद के बाद बुलाए गए 50-60 युवक
होटल मालिक राजा कुमार ने बताया कि रात में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई और वाहनों में तोड़फोड़ की गई। इसके बाद एक पक्ष ने फोन कर करीब 50 से 60 युवकों को बुला लिया।आरोप है कि कुछ देर बाद बदमाश एक स्कॉर्पियो और करीब 10 बाइक से होटल पहुंचे और वहां पहुंचते ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। होटल संचालक के अनुसार, बदमाशों ने 20 राउंड से ज्यादा गोलियां चलाईं। इसी दौरान होटल में मौजूद एक ग्राहक गोली लगने से घायल हो गया।
ग्राहक को लगी गोली, अस्पताल में कराया गया भर्ती
फायरिंग में घायल ग्राहक की पहचान लालगंज थाना क्षेत्र के जफराबाद निवासी बलिराम यादव के 24 वर्षीय पुत्र वैदेही कुमार यादव के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही लालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। होटल मालिक का दावा है कि वह फायरिंग और अपहरण में शामिल कई आरोपियों को शक्ल से पहचानता है। पुलिस अब घटना के कारणों, फायरिंग में इस्तेमाल हथियारों और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

Share This Article