NEWS PR डेस्क:- बिहार के सुपौल जिले में एक सात वर्षीय बच्ची की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सदर थाना क्षेत्र के परसरमा वार्ड-8 में देर रात एक युवक पर पड़ोस की मासूम बच्ची की धारदार कृषि उपकरण (कुदाल) से हमला कर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी के घर में आग लगा दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान प्रीति कुमारी (7) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने पिता शंभू शाह के साथ गांव से दूध लेकर घर लौट रही थी। शंभू शाह आगे-आगे चल रहे थे, जबकि प्रीति पीछे हाथ में दूध की बोतल लिए आ रही थी। इसी दौरान पड़ोस के युवक राजू शाह पर बच्ची पर कुदाल से हमला करने का आरोप है। हमले में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी और शोक का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने आरोपी का पीछा किया। आरोप है कि आरोपी अपने घर में छिप गया, जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने उसके घर में आग लगा दी।
सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ राजीव रंजन के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस और भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपी राजू शाह को सुरक्षित हिरासत में ले लिया। एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। घटना की जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सदर एसडीपीओ राजीव रंजन ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। घटना के बाद मृतका के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में गहरा आक्रोश और मातम का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।सुपौल से अल्ताफ राजा रिपोर्ट
