पीरपैंती में दर्दनाक सड़क हादसा, कार सवार एक की मौत और पांच घायल

Shreya Raj
भागलपुर में घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़ और पहुंची एंबुलेंस, घायलों को अस्पताल ले जाने की तैयारी करते लोग।

NEWS PR डेस्क: भागलपुर जिले के पीरपैंती बाजार से रेलवे स्टेशन जाने वाली मुख्य सड़क पर दुलदुलिया मोड़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में कार सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान शैलेश कुमार के रूप में हुई है। वह पीरपैंती में निर्माणाधीन अदाणी पावर प्लांट में तारा चांद कंपनी के मैकेनिक के तौर पर काम करता था।

दुलदुलिया मोड़ के पास हुआ हादसा

हादसे में घायल लोगों की पहचान गोविंद कुमार, प्रमोद चौहान, राजकिशोर, राकेश झा और माधव के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे पीरपैंती बाजार के कुछ युवाओं ने पुलिस को हादसे की सूचना दी।

सूचना मिलते ही पीरपैंती थानाध्यक्ष पंकज कुमार राउत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। हादसे के बाद सभी लोग वाहन के अंदर फंस गए थे। पुलिस ने स्थानीय युवाओं की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसी दौरान शैलेश कुमार को भी काफी मशक्कत के बाद वाहन से बाहर निकाला गया।

सभी घायलों को मायागंज अस्पताल किया गया रेफर

पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए पीरपैंती रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है वहीं, मृतक शैलेश कुमार के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

घायल माधव ने बताया कि सभी लोग पावर प्लांट से काम खत्म करने के बाद अपने क्वार्टर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया। दुर्घटना किस वजह से हुई, इसकी उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं है।

पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटाया

पीरपैंती थानाध्यक्ष पंकज कुमार राउत ने बताया कि हादसे में घायल सभी लोगों को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भेजा गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल से क्षतिग्रस्त कार को सड़क किनारे कर दिया गया है, जिससे यातायात व्यवस्था सामान्य रूप से जारी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

भागलपुर से रिपोर्टर: श्यामानंद सिंह

Share This Article