Bihar Teacher Transfer 2026:बाढ़ के कारण बदली तारीख, अब इस दिन से शुरू होगा आवेदन

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: बिहार में राज्य के शिक्षकों के सामान्य स्थानांतरण की प्रक्रिया को लेकर शिक्षा विभाग ने संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है। अब शिक्षकों के सामान्य स्थानांतरण के लिए ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर 4 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे।
पहले सामान्य स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 17 सितंबर 2026 से शुरू होनी थी। हालांकि, राज्य में बाढ़ की गंभीर स्थिति और प्राकृतिक आपदा को देखते हुए शिक्षा विभाग ने आवेदन की तिथि को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया।
1 अक्टूबर को जारी होगी विद्यालयवार रिक्तियों की सूची
शिक्षा विभाग की संशोधित समय-सारणी के अनुसार, समायोजन एवं पारस्परिक स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 अक्टूबर 2026 को सामान्य स्थानांतरण के लिए संशोधित विद्यालयवार रिक्तियों का प्रकाशन किया जाएगा। रिक्तियों की सूची जारी होने के बाद शिक्षक अपनी वरीयता के अनुसार विद्यालयों का विकल्प चुनकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
4 से 10 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन
शिक्षकों को सामान्य स्थानांतरण के लिए 4 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 तक ई-शिक्षाकोष पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने का अवसर मिलेगा। इस दौरान शिक्षक उपलब्ध विद्यालयों में अपनी पसंद और वरीयता के आधार पर विकल्प भर सकेंगे।
12 अक्टूबर से शुरू होगी आगे की प्रक्रिया
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सामान्य स्थानांतरण की सूची जारी करने, आपत्ति/अपील और उसके निष्पादन की प्रक्रिया शुरू होगी। शिक्षा विभाग के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 12 अक्टूबर से 18 नवंबर 2026 तक सामान्य स्थानांतरण की सूची के प्रकाशन, अपील और अपीलों के निष्पादन से संबंधित प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
बाढ़ के कारण बदली गई आवेदन की तारीख
बता दें कि बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली, 2026 के तहत सामान्य स्थानांतरण के लिए पहले 17 सितंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन शुरू करने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया था लेकिन राज्य में आई बाढ़ और गंभीर प्राकृतिक आपदा की स्थिति को देखते हुए शिक्षा विभाग ने निर्धारित कार्यक्रम में बदलाव किया । अब संशोधित कार्यक्रम के अनुसार शिक्षक अक्टूबर में सामान्य स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

Share This Article