बांका में पति ने पत्नी को बीच सड़क चाकू से गोदा, मौत; राहगीरों ने आरोपी को पकड़ पुलिस को सौंपा

Shreya Raj
बांका में हत्या के मामले के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया, मौके पर पुलिस की कार्रवाई का दृश्य।

NEWS PR डेस्क: बांका जिले के रजौन प्रखंड में रविवार की देर शाम पारिवारिक विवाद को लेकर एक पति ने अपनी पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात नवादा बाजार सहायक थाना क्षेत्र में रजौन और नवादा थाना की सीमा के पास सैदपुर और खजूरकोरामा बहियार के बीच सुनसान रास्ते पर हुई। मृतका की पहचान धनिया गढ़िया गांव निवासी करीब 30 वर्षीय रिंकू देवी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति प्रमोद दास को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला की चीख सुनकर आसपास से गुजर रहे राहगीर मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया।

विवाद सुलझाने की बात कहकर पत्नी को गांव ले जा रहा था पति

जानकारी के अनुसार, प्रमोद दास बांका में रहकर मोची का काम करता था। पति-पत्नी के बीच काफी समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। रविवार को भी दोनों के बीच बांका स्थित आवास पर कहासुनी हुई थी। इसके बाद प्रमोद ने पत्नी से विवाद खत्म करने और पैतृक गांव चलकर मामला सुलझाने की बात कही। रिंकू देवी उसके साथ गांव के लिए निकल गई। दोनों बांका से धनिया गढ़िया जा रहे थे। गांव पहुंचने से करीब चार किलोमीटर पहले सैदपुर और खजूरकोरामा के बीच सुनसान जगह पर प्रमोद ने गाड़ी रुकवाई और दोनों सड़क किनारे उतर गए।

गले और पेट पर किए चाकू से कई वार

पुलिस के अनुसार, सुनसान जगह पर पहुंचने के बाद प्रमोद ने अपने पास रखा धारदार चाकू निकाला और रिंकू देवी पर हमला कर दिया। उसने महिला के गले और पेट पर कई वार किए। अचानक हुए हमले से रिंकू देवी चीखने लगी। उसकी आवाज सुनकर रास्ते से गुजर रहे लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों और राहगीरों ने आरोपी को घेरकर पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही नवादा बाजार सहायक थाना के थानाध्यक्ष सुजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक गंभीर चोट और अधिक रक्तस्राव के कारण रिंकू देवी की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।

दूसरी शादी और पारिवारिक विवाद के एंगल से जांच

स्थानीय लोगों के मुताबिक, प्रमोद दास ने रिंकू देवी से दूसरी शादी की थी और शादी के कुछ वर्षों बाद दोनों के बीच तनाव रहने लगा था। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संपर्क को लेकर प्रमोद नाराज रहता था हालांकि पुलिस ने अभी तक प्रेम-प्रसंग या अवैध संबंध को हत्या की वजह के तौर पर आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं की है।

एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा के अनुसार, आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज कर रही है, ताकि हत्या के वास्तविक कारण का पता लगाया जा सके।

Share This Article