अपहरण के बाद नाबालिग छात्रा की मौत, परिजनों ने दर्ज कराया दुष्कर्म और हत्या का केस

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में 10वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा की मौत का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने गांव के ही तीन युवकों पर छात्रा के अपहरण के बाद उसके साथ दुष्कर्म करने और हत्या का आरोप लगाया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, 18 सितंबर की दोपहर करीब 12 बजे छात्रा अचानक लापता हो गई थी। परिवार का आरोप है कि गांव के ही तीन युवक शंकर राय, दुर्गा राय और लक्ष्मण कुमार उसे अपने साथ ले गए। काफी खोजबीन के बावजूद छात्रा का कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद 19 सितंबर की सुबह परिवार को रेलवे पुलिस की ओर से सूचना मिली कि छात्रा घायल अवस्था में रेलवे ट्रैक के पास मिली है। सूचना मिलने पर परिजन आलमनगर क्षेत्र पहुंचे। परिजनों के मुताबिक, छात्रा को अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इधर घटना को लेकर के परिजनों ने बताया कि 19 सितंबर की सुबह 5:00 बजे आलमनगर रेलवे स्टेशन के रेलवे पुलिस के तरफ से फोन से जानकारी मिली कि मेरी बच्ची वहां पर है जिसके बाद हम लोग आलमनगर पहुंचे तो अस्पताल में मेरी बच्ची का शव था और पुलिस के द्वारा एक फोन भी दिया गया।जो तीनों आरोपियों में से एक किसी का बताया जा रहा था।
रेलवे ट्रैक के पास मिली छात्रा, मोबाइल बरामद
परिजनों का दावा है कि पुलिस ने मौके से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया था, जिसे आरोपियों में से किसी एक का बताया जा रहा है। छात्रा का शव लेकर परिजन बिहटा थाना पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
मृतका की मां ने बिहटा थाने में तीनों युवकों के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। मां ने मुख्यमंत्री से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि 21 सितंबर को परिजनों की ओर से मामले की जानकारी दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपों की सत्यता की जांच के साथ आगे की कार्रवाई की जा रही है।दानापुर से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट

Share This Article