NEWS PR डेस्क :पूर्णिया। विद्या विहार ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के तत्वावधान में आयोजित रमेश चंद्र मिश्रा स्मृति विद्यालय स्तरीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता 2026, सीजन–3 अपने निर्णायक चरण में पहुंच गई है। विद्या विहार आवासीय विद्यालय और यूएचएस बनभाग दक्षिण के बीच खिताबी मुकाबला 23 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे, परोरा, पूर्णिया स्थित रमेश विजयलक्ष्मी मेमोरियल स्टेडियम में खेला जाएगा।

क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, पूर्णिया ने जवाहर नवोदय विद्यालय, कटिहार को तीन रनों से हराया। गोयनका ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 126 रन बनाए, जिसके जवाब में कटिहार की टीम 19.1 ओवर में 123 रन पर ऑलआउट हो गई। वहीं, विद्या विहार आवासीय विद्यालय ने पीएम जवाहर नवोदय विद्यालय, पूर्णिया को 32 रनों से पराजित किया। विद्या विहार की टीम 16.2 ओवर में 88 रन पर आउट हुई, लेकिन उसके गेंदबाजों ने विपक्षी टीम को 17 ओवर में 56 रन पर समेट दिया।

अन्य क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में सुमरित उच्च विद्यालय, बनमनखी ने मां काली उच्च माध्यमिक विद्यालय को हराकर सेमीफाइनल में स्थान बनाया। मां काली की टीम ने 79 रन बनाए, जबकि सुमरित ने 10.4 ओवर में 83 रन बनाकर लक्ष्य पार किया। यूएचएस बनभाग दक्षिण ने हेनरी मेमोरियल इंग्लिश स्कूल को 90 रनों से हराया। बनभाग दक्षिण के 20 ओवर में नौ विकेट पर 140 रनों के जवाब में हेनरी मेमोरियल की टीम 12.3 ओवर में 50 रन पर ऑलआउट हो गई।
पहले सेमीफाइनल में विद्या विहार ने जी.डी. गोयनका को 85 रनों से पराजित कर लगातार तीसरी बार फाइनल में प्रवेश किया। विद्या विहार ने 20 ओवर में छह विकेट पर 161 रन बनाए और गोयनका को 15.2 ओवर में 76 रन पर समेट दिया। रिशु राज ने 29 और अनुकूल ने 26 रन बनाए। गेंदबाजी में अलबाब ने 14 रन देकर चार विकेट लिए। गोयनका की ओर से केशव शेन बेदी ने 14 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।
दूसरे सेमीफाइनल के 15 ओवर के मुकाबले में यूएचएस बनभाग दक्षिण ने छह विकेट पर 99 रन बनाए। राजी ने 29 और मोहम्मद शाकलेन ने 27 रनों का योगदान दिया। जवाब में सुमरित उच्च विद्यालय की टीम 15 ओवर में सात विकेट पर 70 रन बना सकी। बनभाग दक्षिण ने 29 रनों से जीत दर्ज की। अजित ने 10 रन देकर तीन विकेट लिए।
आयोजन समिति ने फाइनल में पहुंची दोनों टीमों को बधाई दी तथा सभी सहभागी विद्यालयों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अंपायरों, मैदानकर्मियों और स्वयंसेवकों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। समिति ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और क्रिकेट प्रेमियों को 23 नवंबर को फाइनल मुकाबले में उपस्थित होकर दोनों टीमों का उत्साहवर्धन करने के लिए आमंत्रित किया है।