दरभंगा के बिरौल थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कुल 6.28 ग्राम स्मैक बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में स्मैक सप्लाई के तार सहरसा जिले तक जुड़े होने की बात सामने आई है।
पहले मामले में पुलिस ने एयरटेल टावर परिसर से 1.68 ग्राम स्मैक बरामद किया। इस मामले में पुलिस ने दीपू कमती को गिरफ्तार किया है। वहीं, दूसरे मामले में पुलिस ने 4.6 ग्राम स्मैक के साथ शुभम कुमार मिश्रा और राजा चौधरी को पकड़ा है।
पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान स्मैक की सप्लाई का कनेक्शन सहरसा जिले के जलई थाना क्षेत्र के बघवा निवासी निर्मल यादव से जुड़ा सामने आया है।
पुलिस अब पूरे सप्लाई नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशीला पदार्थ कहां से लाया जा रहा था और इसे किन-किन इलाकों में सप्लाई किया जाता था। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर रही है।
इस कार्रवाई को लेकर बिरौल के एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि पुलिस नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दरभंगा से रवि झा की रिपोर्ट ;-