NEWS PR डेस्क:पटना: अगमकुआं थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस की कार्रवाई के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब शीतला माता मंदिर ओवरब्रिज के नीचे से एक हैंडग्रेनेड और पांच कारतूस बरामद किए गए। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में छापेमारी कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। दोनों से अगमकुआं थाने में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि दो युवक अवैध हथियार बेचने की तैयारी में हैं। इसके बाद टीम गठित कर शीतला माता मंदिर के पास ओवरब्रिज के नीचे छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान पांच गोलियां और एक हैंडग्रेनेड बरामद हुआ।
विस्फोटक बरामद होने के बाद पुलिस ने तत्काल इलाके को सुरक्षित कराया और बम निरोधक दस्ते को सूचना दी। जांच में हैंडग्रेनेड के सक्रिय होने की पुष्टि के बाद उसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू की गई। मौके पर बम निरोधक दस्ता कार्रवाई में जुटा है।
हिरासत में लिए गए दोनों संदिग्धों में एक पटना सिटी और दूसरा नालंदा जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उनके पास हैंडग्रेनेड और कारतूस कहां से आए और इन्हें किस उद्देश्य से रखा गया था।
पुलिस दोनों संदिग्धों के आपराधिक इतिहास और उनके संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है। सिटी एसपी राजकिशोर सिंह ने बताया कि अवैध हथियार की खरीद-बिक्री की सूचना पर कार्रवाई की गई थी। छापेमारी में पांच गोलियां और एक हैंडग्रेनेड बरामद हुआ है, जिसे निष्क्रिय करने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस की जांच अब इस बात पर केंद्रित है कि बरामद हैंडग्रेनेड और कारतूस आरोपितों तक कैसे पहुंचे और इनके पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका है या नहीं
हैंडग्रेनेड मिलने से मचा हड़कंप, बम निरोधक दस्ते ने संभाला मोर्चा