बिहार में MLC चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी के बीच जेडीयू के अंदर चल रहा अनंत सिंह और नीरज कुमार का विवाद अब पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की बैठक तक पहुंच गया है। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर दोनों नेताओं के बीच जारी बयानबाजी के बीच गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक हुई। बैठक के बाद नेताओं की चुप्पी ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को और तेज कर दिया है।
नीतीश कुमार के आवास पर हुई अहम बैठक
गुरुवार को हुई इस बैठक में जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और वरिष्ठ नेता एवं मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव समेत पार्टी के कई बड़े नेता शामिल हुए। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में अनंत सिंह और जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार के बीच चल रहे विवाद को लेकर चर्चा हुई।
विवाद की वजह से बढ़ी पार्टी की चिंता
बता दें कि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच पिछले कुछ दिनों से बयानबाजी सामने आ रही है। विवाद बढ़ने के बाद मामला अब पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के स्तर तक पहुंच गया है। ऐसे में नीतीश कुमार के आवास पर हुई बैठक को इसी घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है।
बैठक के बाद नेताओं ने साधी चुप्पी
वहीं बैठक खत्म होने के बाद संजय झा और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने मीडिया के सवालों का जवाब नहीं दिया। ऐसे में बैठक में क्या चर्चा हुई और क्या विवाद को सुलझाने के लिए कोई रास्ता निकला, इसे लेकर फिलहाल आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
अब आगे क्या होगा?
बता दें कि MLC चुनाव से पहले जेडीयू के भीतर सामने आया यह विवाद पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है। बैठक के बाद किसी नेता की ओर से बयान नहीं आने के कारण अब सबकी नजर पार्टी नेतृत्व के अगले कदम पर है।