NEWS PR डेस्क: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गहरे दबाव के क्षेत्र ने आंध्र प्रदेश और ओडिशा में मौसम की चिंता बढ़ा दी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है और इसके चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है। अगर सिस्टम चक्रवात में बदलता है, तो इसका नाम ‘अर्नब’ रखा जाएगा।
मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम 23 सितंबर की रात विशाखापत्तनम और गोपालपुर के बीच उत्तरी आंध्र प्रदेश-दक्षिणी ओडिशा तट को पार कर सकता है। इसके प्रभाव से दोनों राज्यों के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
ओडिशा के कई जिलों में रेड अलर्ट
चक्रवाती सिस्टम के संभावित प्रभाव को देखते हुए ओडिशा में प्रशासन अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा के मद्देनजर राज्य के कम से कम 7 जिलों में स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया गया है। साथ ही सरकारी अधिकारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं।
दक्षिणी ओडिशा के कुछ हिस्सों में 23 से 25 सितंबर तक रेड अलर्ट जारी किया गया है। IMD के मुताबिक, 23 और 24 सितंबर को कोरापुट, गजपति और गंजाम में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की भी आशंका है।
वहीं 24 और 25 सितंबर को कालाहांडी, नबरंगपुर, कोरापुट और मलकानगिरी के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया गया है।
75 KM प्रति घंटे तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार
IMD ने समुद्री इलाकों के लिए भी चेतावनी जारी की है। 23 सितंबर की सुबह से 24 सितंबर की शाम तक दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय तथा आसपास के समुद्री क्षेत्रों में 55 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान हवा के झोंकों की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
पश्चिम बंगाल और झारखंड के कुछ हिस्सों पर भी असर
मौसम विशेषज्ञों के अनुमान के मुताबिक, सिस्टम के मजबूत होने की स्थिति में इसका मुख्य प्रभाव आंध्र प्रदेश और ओडिशा में देखने को मिल सकता है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल और झारखंड से सटे कुछ इलाकों में भी तेज हवा और बारिश का असर देखने को मिल सकता है।
बिहार को लेकर फिलहाल राहत की खबर है। उपलब्ध मौसम अनुमानों के मुताबिक, इस सिस्टम का बिहार पर कोई खास प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है। हालांकि, मौसम की स्थिति को देखते हुए IMD के आगामी अपडेट पर नजर रखना जरूरी होगा।
‘अर्नब’ की आहट! बंगाल की खाड़ी में गहरा दबाव, IMD ने तेज बारिश और हवाओं को लेकर जारी की चेतावनी