NEWS PR डेस्क:राजधानी पटना के खगौल थाना क्षेत्र में दानापुर रेलवे स्टेशन के बाहर वाहनों को रोककर कथित तौर पर अवैध रूप से पैसे वसूलने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। खगौल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 17,205 रुपये नकद, पांच रसीद पैड और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
दानापुर एएसपी अजीत कुमार के अनुसार, रेलवे स्टेशन के बाहर वाहनों से अवैध वसूली किए जाने की लगातार सूचना पुलिस को मिल रही थी। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए खगौल थाना पुलिस की टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा कि कुछ लोग वाहनों को रोककर पैसे वसूल रहे थे। पुलिस के मुताबिक, इन लोगों के पास इस तरह की वसूली करने का कोई वैध अधिकार नहीं था। इसके बाद पुलिस ने मौके से सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
सात आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मनोज कुमार रजक, मोहम्मद अहसान आलम, मनीष कुमार, सोनू कुमार, हर्ष कुमार, राहुल कुमार और रविशंकर कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से वसूली की रकम के अलावा पांच रसीद पैड और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। बरामद सामान को जांच का हिस्सा बनाया गया है।
कितने समय से चल रहा था वसूली का खेल?
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि रेलवे स्टेशन के बाहर अवैध वसूली का यह कथित नेटवर्क कितने समय से सक्रिय था। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में गिरफ्तार सात लोगों के अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस बरामद रसीद पैड और मोबाइल फोन की भी जांच कर रही है, ताकि वसूली से जुड़े अन्य लोगों और गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस ने आम लोगों से की अपील
दानापुर एएसपी अजीत कुमार ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध पार्किंग, जबरन वसूली या रंगदारी से जुड़ी शिकायत सामने आती है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। इसके लिए पुलिस ने 9031825815 नंबर जारी किया है। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।दानापुर से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट