NEWS PR डेस्क: पुलिस अधीक्षक (यातायात) कार्यालय में आज ‘लाइन डे’ आयोजित किया गया। इस दौरान पटना यातायात पुलिस में प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मियों की समस्याओं, अवकाश संबंधी अनुरोधों और ड्यूटी के दौरान आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों की समीक्षा की गई। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक (यातायात) ने Orderly Room और अनुरोध कक्ष के माध्यम से पुलिसकर्मियों की ओर से प्राप्त मामलों पर सुनवाई की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
छुट्टी के आवेदनों पर त्वरित विचार
यातायात कर्मियों के अवकाश एवं छुट्टियों से संबंधित आवेदनों और अनुरोधों पर त्वरित एवं सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को कर्मियों की वास्तविक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
फील्ड में आने वाली समस्याओं पर जोर
ऑन-ड्यूटी जवानों को यातायात नियंत्रण के दौरान फील्ड में होने वाली व्यावहारिक समस्याओं और कठिनाइयों को भी सुना गया। पुलिस अधीक्षक (यातायात) ने संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए, ताकि जवान बेहतर तरीके से अपनी जिम्मेदारियां निभा सकें।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
ड्यूटी के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही, अनुशासनहीनता या कर्तव्य से विमुख होने के मामलों की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था में अनुशासन और जिम्मेदारी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। पटना पुलिस की ओर से कहा गया कि जवानों के कल्याण और सुविधाओं का ध्यान रखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित और अनुशासित बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पटना ट्रैफिक पुलिस का ‘लाइन डे’, जवानों की समस्याओं और ड्यूटी की समीक्षा