NEWS PR डेस्क: बिहार के मुजफ्फरपुर में 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ छेड़खानी, मारपीट और जबरन ले जाने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने वीडियो साझा करते हुए बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पुलिस ने मामले में आरोपी ललित कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

23 सितंबर की घटना, बच्ची को सड़क पर घसीटने का आरोप
घटना नगर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, 23 सितंबर की शाम करीब 5 बजे बच्ची घर के पास पढ़ाई के लिए जा रही थी। आरोप है कि इसी दौरान ललित कुमार ने उसे रास्ते में रोक लिया और अपने साथ चलने के लिए कहा। बच्ची के इनकार करने पर आरोपी कथित तौर पर उसे जबरन खींचकर अपनी दुकान की ओर ले जाने लगा।
CCTV फुटेज में एक युवक लड़की को पकड़कर घसीटता और उठाकर ले जाने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। बच्ची खुद को छुड़ाने का प्रयास करती है। इस दौरान एक महिला और बाइक सवार व्यक्ति भी हस्तक्षेप करते नजर आते हैं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए, जिसके बाद बच्ची आरोपी के चंगुल से निकल सकी। स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सूचना दी।
तीन महीने से परेशान करने का आरोप
पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि आरोपी पिछले करीब तीन महीने से उनकी बेटी को रास्ते में रोककर परेशान करता था और अभद्र टिप्पणी करता था। परिजनों का कहना है कि घटना के दौरान बच्ची के पैर में चोट आई, जिसके बाद उसका इलाज सदर अस्पताल, मुजफ्फरपुर में कराया गया। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की मां के लिखित आवेदन पर आरोपी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक बताया जा रहा है कि बच्ची के घर से करीब 150 मीटर की दूरी पर आरोपी की इस्त्री की दुकान है। आरोपी कपड़े प्रेस करता है। उसकी नाबालिग पर नजर थी, आते-जाते कमेंट करता था। 23 सितंबर को आरोपी की पहले लड़की की मां से बहस हुई, फिर बच्ची को घसीटकर अपनी दुकान की ओर ले जाने लगा।
DSP ने क्या कहा?
मुजफ्फरपुर के DSP टाउन-1 सुरेश कुमार ने बताया कि 23 सितंबर को नगर थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ बदसलूकी और मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी ललित कुमार को उसी दिन गिरफ्तार किया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।