‘चुनाव आयोग पर भरोसा नहीं तो…’, SIR विवाद पर चिराग पासवान का विपक्ष से बड़ा सवाल

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण ) को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच केंद्रीय मंत्री और LJP (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने कांग्रेस और विपक्ष के सवालों पर पलटवार किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि चुनाव प्रक्रिया और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर विपक्ष को भरोसा नहीं है, तो कांग्रेस के नेता चुनाव कैसे जीत रहे हैं और पार्टी की सरकारें कैसे बन रही हैं?

चिराग पासवान ने प्रियंका गांधी की वायनाड लोकसभा उपचुनाव में जीत का जिक्र करते हुए पूछा कि यदि चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठाए जा रहे हैं, तो कांग्रेस उम्मीदवार चुनाव कैसे जीत रहे हैं। उन्होंने केरल और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकारों का भी उदाहरण दिया। ‘चिराग पासवान ने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष हर बार भ्रम फैलाता है।
SIR पर पहले चिराग ने भी मांगी थी सफाई
SIR विवाद में चिराग पासवान का रुख इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि उन्होंने पहले खुद चुनाव आयोग से उठ रहे सवालों पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है और उस पर सवाल उठने की स्थिति में आयोग को जनता के सामने अपना पक्ष रखना चाहिए। अब आयोग की ओर से स्पष्टीकरण आने के बाद चिराग ने कहा कि उनकी भी कुछ चिंताएं थीं, लेकिन आयोग ने बिंदुवार जवाब दिया है और वह उससे संतुष्ट हैं।
‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम का भी किया जिक्र
चिराग ने अपने ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम को लेकर कहा कि युवाओं को अपनी बात, असहमति, चिंता और सुझाव रखने के लिए मंच मिलना चाहिए। पटना के बाद प्रयागराज में हुए कार्यक्रम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां युवाओं से मिले समर्थन ने उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की पार्टी की सोच को बल दिया है। राहुल गांधी के युवा संवाद से तुलना पर चिराग ने कहा कि युवाओं के लिए जितने अधिक मंच होंगे, उतना बेहतर है।

Share This Article