सोशल मीडिया पर हथियार लहराना पड़ा भारी, 11 जिंदा कारतूस और देसी कट्टे के साथ युवक गिरफ्तार

Shreya Raj
भागलपुर SSP प्रमोद कुमार ने हथियार मामले में गिरफ्तार आरोपी के साथ पुलिस कार्रवाई की जानकारी दी।

NEWS PR डेस्क: भागलपुर में सोशल मीडिया पर हथियार के साथ वीडियो वायरल करना एक युवक को भारी पड़ गया। वायरल वीडियो की सूचना मिलने के बाद भागलपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से एक देसी कट्टा, 11 जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। गिरफ्तार युवक की पहचान रौनक कुमार, पिता गोरेलाल यादव, निवासी भतोरिया, थाना मधुसूदनपुर, जिला भागलपुर के रूप में हुई है।

वायरल वीडियो की सूचना पर पुलिस ने शुरू किया सत्यापन

भागलपुर पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म की लगातार निगरानी की जा रही है।

इसी दौरान पुलिस को एक व्यक्ति का आग्नेयास्त्र के साथ वीडियो वायरल होने की जानकारी मिली। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान का सत्यापन शुरू किया। पहचान होने के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस टीम गठित की गई।

निगरानी और तकनीकी जांच के बाद घर पर छापेमारी

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक नगर की निगरानी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-2 और मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में टीम बनाई गई। टीम ने तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर आरोपी के ठिकाने की जानकारी जुटाई।

इसके बाद रौनक कुमार के घर पर विधिवत छापेमारी और तलाशी ली गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उसे देसी कट्टा और 11 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। मौके से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

हथियारों के प्रदर्शन पर पुलिस की नजर, प्राथमिकी दर्ज

पुलिस ने रौनक कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

ऐसे वीडियो सामने आने पर उनकी पहचान और सत्यापन के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बरामद हथियार, कारतूस और मोबाइल फोन को भी जांच का हिस्सा बनाया है। मामले को लेकर भागलपुर के सीनियर एसपी प्रमोद कुमार ने भी जानकारी दी है।

भागलपुर से रिपोर्टर: शयामानंद सिह

Share This Article