सुपौल के भीमपुर थाना क्षेत्र के बेलागंज में दिनदहाड़े युवक के अपहरण और फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के महज 12 घंटे के अंदर पुलिस ने अपहृत युवक को बरामद कर लिया है। वहीं, पूरे मामले का सुपौल SP शरथ आर.एस. ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खुलासा किया है।
बताया जा रहा है कि SH-91 जदिया-बलुआ पथ पर बेलागंज के समीप कार सवार बदमाशों ने बाइक सवार 20 वर्षीय मोहम्मद जीशान खान को टक्कर मारकर गिराया और फिर उसे जबरन कार में बैठाकर फरार हो गए थे। इस दौरान विरोध करने पर बदमाशों द्वारा फायरिंग किए जाने की बात भी सामने आई थी।
घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। त्रिवेणीगंज SDPO दिलीप कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और अलग-अलग पुलिस टीमों को संभावित ठिकानों पर भेजा गया।
पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद 12 घंटे के अंदर युवक को बरामद कर लिया गया। इसके बाद सुपौल SP शरथ आर.एस. ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी।
SP ने बताया कि मामले में शामिल आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस टीम द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल अपहृत युवक की बरामदगी के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। मामले में पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सामने आई जानकारी के बाद घटना की पूरी तस्वीर अब स्पष्ट होने की उम्मीद है।
सुपौल सेअल्ताफ राजा की रिपोर्ट;-