बाढ़ प्रभावितों को अब तक नहीं मिली राहत, पार्षदों ने सीओ को सौंपा ज्ञापन,

Muskan Gupta

पश्चिम चंपारण जिले के बगहा से जहां बाढ़ प्रभावितों को अब तक नहीं मिली राहत, पार्षदों ने सीओ को सौंपा ज्ञापन,
बगहा पश्चिम चंपारण जिले के बगहा नगर परिषद क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित परिवारों को अब तक सरकारी राहत और अनुदान नहीं मिलने का मामला सामने आया है। नगर परिषद के वार्ड संख्या 26 से 35 तक गंडक नदी के किनारे बसे कई मोहल्ले हाल में गंडक नदी के बढ़े जलस्तर से प्रभावित हुए थे। बाढ़ के दौरान कई इलाकों में पानी प्रवेश कर गया था, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रभावित परिवारों का कहना है कि बाढ़ का पानी निकलने के बाद भी उन्हें अब तक सरकारी स्तर पर राहत उपलब्ध नहीं कराई गई है।


बाढ़ प्रभावित वार्डों के पार्षदों और उनके प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति और पीड़ित परिवारों की समस्याओं की जानकारी लगातार बगहा-1 अंचल प्रशासन को दी जाती रही है। इसके बावजूद अब तक कई क्षेत्रों का समुचित निरीक्षण नहीं कराया गया है। बुधवार को सभी संबंधित वार्ड पार्षद और उनके प्रतिनिधि अंचलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर प्रभावित इलाकों का जल्द निरीक्षण कराने की मांग की।
पार्षदों ने कहा कि निरीक्षण के बाद प्रभावित परिवारों की सूची तैयार कर उन्हें नियमानुसार सरकारी राहत और अनुदान उपलब्ध कराया जाए। उनका दावा है कि नगर परिषद क्षेत्र के इन वार्डों में करीब 20 हजार लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।


पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि गुरुवार तक प्रभावित वार्डों का निरीक्षण नहीं कराया गया, तो बड़ी संख्या में प्रभावित लोगों के साथ अनुमंडल कार्यालय और अंचलाधिकारी कार्यालय का घेराव कर आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में वार्ड पार्षद प्रतिनिधि मोहम्मद गयासुद्दीन, वार्ड पार्षद मदन साहनी, प्रतिनिधि राजू सिंह, मोहम्मद मुमताज, वार्ड पार्षद अयूब अंसारी, संजय यादव और प्रतिनिधि मोबिन अंसारी सहित अन्य शामिल रहे।

पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट

Share This Article