NEWS PR डेस्क : बिहार में प्रशासनिक जिम्मेदारी से जुड़ी एक अहम नियुक्ति के बाद पूर्व डीजीपी विनय कुमार ने राज्य के मुख्य सूचना आयुक्त के रूप में नई जिम्मेदारी संभाल ली है। गुरुवार को लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेते ही विनय कुमार ने बिहार राज्य सूचना आयोग के मुख्य सूचना आयुक्त के तौर पर कार्यभार ग्रहण कर लिया।
समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। बता दें कि विनय कुमार ने हाल ही में बिहार के पुलिस महानिदेशक यानी DGP के पद से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ली थी। इसके बाद राज्य सरकार ने उन्हें बिहार का मुख्य सूचना आयुक्त नियुक्त करने का निर्णय लिया।
RTI मामलों की होगी अहम जिम्मेदारी
मुख्य सूचना आयुक्त के तौर पर विनय कुमार की प्रमुख जिम्मेदारी सूचना का अधिकार यानी RTI कानून से जुड़े मामलों की सुनवाई और उनका निपटारा करना होगा। राज्य सूचना आयोग में लंबित मामलों की सुनवाई, नागरिकों की शिकायतों और अपीलों पर फैसला तथा सरकारी विभागों से सूचना उपलब्ध कराने से जुड़े मामलों में आयोग की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।