पश्चिम चंपारण जिले के बगहा से जहां बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं को लेकर भाकपा माले ने अनुमंडल कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। माले नेताओं ने सरकार से बाढ़ प्रभावित सभी परिवारों को तत्काल सूखा राशन उपलब्ध कराने और प्रत्येक परिवार को 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की।
बगहा में बाढ़ की स्थिति को लेकर भाकपा माले के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बाढ़ पीड़ितों के समर्थन में अनुमंडल पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रभावित परिवारों को जल्द राहत उपलब्ध कराने की मांग की।
राहत नहीं मिलने पर जताई नाराजगी
माले नेताओं ने आरोप लगाया कि बाढ़ से बड़ी संख्या में परिवार प्रभावित हैं, लेकिन जरूरत के मुताबिक उन्हें राहत सामग्री नहीं मिल रही है। नेताओं ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को समय पर राहत नहीं मिलना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने सभी प्रभावित परिवारों को सूखा राशन और 10-10 हजार रुपये आर्थिक सहायता देने की मांग की।
बांध और मकानों के निर्माण की मांग
प्रदर्शन के दौरान कच्चे बांधों को पक्का करने, बाढ़ में ध्वस्त मकानों का दोबारा निर्माण कराने और फसल क्षति का उचित मुआवजा देने की मांग उठाई गई। प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य शिविर लगाने की भी मांग की गई, ताकि बाढ़ के बाद फैलने वाली बीमारियों से लोगों को बचाया जा सके।
इसके अलावा वाल्मीकिनगर रोड से वाल्मीकिनगर तक रेल सह बांध और बगहा-रतवल बांध के पक्कीकरण की मांग भी नेताओं ने रखी।
प्रदर्शन में सिकटा के पूर्व विधायक वीरेंद्र गुप्ता, फरहान राजा, परशुराम यादव, लालबाबू चौधरी, ताजुद्दीन मंसूरी समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट