NEWS PR डेस्क : बिहार के अरवल जिले में जमीन से जुड़े काम के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सदर प्रखंड की रामपुर वैना पंचायत में तैनात राजस्व कर्मचारी शिवमंगल पासवान को निगरानी विभाग की टीम ने गुरुवार को 16 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि जमीन की मापी में सुधार कराने के एवज में परिवादी से कुल 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।
जानकारी के अनुसार, अरवल सदर थाना क्षेत्र के उमैराबाद बाजार निवासी रविंद्र कुमार सोनी ने राजस्व कर्मचारी के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि जमीन की मापी में सुधार कराने के लिए कर्मचारी ने 20 हजार रुपये की मांग की है।
शिकायत के बाद निगरानी ने कराया सत्यापन
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने आरोपों का प्रारंभिक सत्यापन कराया। विभाग के अनुसार, सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की बात प्रथम दृष्टया सही पाई गई। इसके बाद आरोपी को पकड़ने के लिए धावादल का गठन किया गया। बताया गया कि रिश्वत की कुल रकम में से 4 हजार रुपये पहले ही ऑनलाइन दिए जा चुके थे। इसके बाद बाकी 16 हजार रुपये देने की बात तय हुई।
16 हजार रुपये लेते ही दबोचा
गुरुवार को निगरानी टीम ने तय योजना के तहत कार्रवाई की। जैसे ही राजस्व कर्मचारी ने परिवादी से 16 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार की, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम आरोपी को अपने साथ ले गई।
आगे की कानूनी कार्रवाई जारी
निगरानी विभाग के डीएसपी वसीम फिरोज के अनुसार, इसी महीने रिश्वत मांगने से संबंधित शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के सत्यापन में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद मामला दर्ज किया गया और आरोपी को पकड़ने के लिए धावादल का गठन किया गया।
विजिलेंस की इस कार्रवाई के बाद अरवल के राजस्व विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
जमीन की मापी सुधारने के नाम पर रिश्वत, 16 हजार लेते राजस्व कर्मचारी गिरफ्तार