NEWS PR डेस्क : बिहार में निवेश और रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से Rising Bihar Investor Summit 2026 का आयोजन पटना के ताज सिटी सेंटर में किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह और पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र ने संयुक्त रूप से सम्मेलन का उद्घाटन किया।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार निवेश के लिए तैयार है। राज्य में उद्योगों के लिए सड़क, बिजली, पानी और अन्य जरूरी आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने निवेशकों और उद्योगपतियों से बिहार में निवेश करने की अपील करते हुए सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
14 करोड़ की आबादी को बताया बड़ा बाजार
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की बड़ी आबादी को चुनौती नहीं, बल्कि आर्थिक शक्ति के तौर पर देखा जाना चाहिए। करीब 14 करोड़ की आबादी वाला बिहार देश के लिए बड़ा बाजार है। सरकार का लक्ष्य राज्य में उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ाना है, ताकि लोगों को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि बिहार में सड़क नेटवर्क का तेजी से विस्तार हुआ है। पहले राज्य में करीब 8 हजार किलोमीटर सड़क नेटवर्क था, जो अब लगभग 1.5 लाख किलोमीटर हो गया है। बिजली के क्षेत्र में भी उपलब्धता बढ़ी है। मुख्यमंत्री के अनुसार, 2005 में करीब 500 मेगावाट की उपलब्धता थी, जो अब 10 हजार मेगावाट से अधिक हो गई है। अगले पांच वर्षों में इसे 20 हजार मेगावाट तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
उद्योगों के लिए सरकारी खरीद में प्राथमिकता
सम्राट चौधरी ने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि बिहार में स्थापित उद्योगों के मानक अनुरूप उत्पादों की सरकारी खरीद में प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि 25 प्रतिशत उत्पाद बिहार सरकार खरीदेगी और उद्योगों को बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने होटल, पर्यटन और ईको-टूरिज्म के क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं का भी उल्लेख किया। साथ ही गाद नीति, कृषि फीडरों के सोलराइजेशन, जल प्रबंधन, रोप-वे और जल परिवहन जैसी योजनाओं की जानकारी दी।
केंद्र सरकार हरसंभव सहयोग करेगी: गडकरी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में विकास के लिए अच्छा काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार बिहार के विकास में पूरा सहयोग करेगी। गडकरी ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में बिहार समृद्ध और विकसित राज्य बनेगा।