पटना में ‘पुलिस दीदी’ टीम से बदसलूकी और मारपीट, पेट्रोलिंग कर रही महिला पुलिसकर्मियों से भिड़े युवक

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : राजधानी पटना में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए शुरू की गई ‘पुलिस दीदी’ पहल उस वक्त सवालों के घेरे में आ गई, जब पेट्रोलिंग कर रही महिला पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर बदसलूकी और मारपीट का मामला सामने आया। घटना रामकृष्णा नगर इलाके की बताई जा रही है, जहां बुधवार रात पेट्रोलिंग के दौरान कुछ युवकों ने महिला पुलिसकर्मियों से कथित तौर पर विवाद किया।


जानकारी के मुताबिक, ‘पुलिस दीदी’ टीम की महिला पुलिसकर्मी पांच स्कूटी पर सवार होकर रामकृष्णा नगर इलाके में पेट्रोलिंग कर रही थीं। इसी दौरान कुछ युवकों ने उनके साथ कथित तौर पर बदतमीजी शुरू कर दी। महिला पुलिसकर्मियों ने जब इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। घटना के दौरान मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई।
वीडियो सामने आने के बाद बढ़ी चर्चा
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पेट्रोलिंग कर रही महिला पुलिसकर्मियों और कुछ युवकों के बीच धक्का-मुक्की होती दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है और महिला पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

वहीं घटना के बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज के आधार पर मारपीट में शामिल युवकों की पहचान की जा रही है। वहीं मिली जानकारी के मुताबिक अब तक तीन युवकों की पहचान होने की बात सामने आई है, जिनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-02) मनोज कुमार ने भी पूरे मामले की जानकारी दी है।


महिलाओं की सुरक्षा के लिए शुरू की गई है ‘पुलिस दीदी’ पहल
‘पुलिस दीदी’ पहल का उद्देश्य छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। इसके तहत महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी के जरिए विभिन्न इलाकों में पेट्रोलिंग की जिम्मेदारी दी गई है। इस पहल के तहत संवेदनशील इलाकों, स्कूल-कॉलेजों और महिलाओं की अधिक आवाजाही वाले स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी बढ़ाने की योजना है। हाल ही में महिला पुलिसकर्मियों को पिंक स्कूटी उपलब्ध कराकर पेट्रोलिंग को बढ़ावा दिया गया है।
अब कार्रवाई पर नजर
महिला पुलिसकर्मियों के साथ पेट्रोलिंग के दौरान कथित बदसलूकी और मारपीट की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज कर दी है। जिस टीम को महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए सड़क पर उतारा गया है, उसी टीम के साथ इस तरह की घटना सामने आना पुलिस के लिए चुनौती माना जा रहा है। अब पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है और घटना में शामिल बताए जा रहे युवकों की पहचान के बाद उनके खिलाफ क्या कदम उठाया जाता है, इस पर नजर रहेगी।

Share This Article