पटना के जिलाधिकारी मौके पर उपस्थित रहे तथा राहत सामग्री के एयर ड्रॉप से संबंधित समस्त व्यवस्थाओं का स्वयं निरीक्षण एवं अनुश्रवण किया।
मुख्य सचिव, बिहार प्रत्यय अमृत के मार्गदर्शन एवं आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल के निर्देशानुसार विभागीय संयुक्त सचिव अविनाश कुमार एवं कार्यपालक अभियंता, जल संसाधन विभाग, मो. आसिफ इकबाल भी मौके पर उपस्थित रहे तथा राहत सामग्री के एयर ड्रॉप से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला प्रशासन, सारण द्वारा आज अतिरिक्त राशन पैकेट्स की मांग की गई। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार त्वरित कार्रवाई करते हुए गोरखपुर से हेलीकॉप्टर मंगवाया गया है, जिसके माध्यम से आवश्यक राशन पैकेट्स को एयर ड्रॉप हेतु भेजा जा रहा है।
राज्य सरकार आपदा की इस घड़ी में प्रभावित एवं आपदा पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने हेतु दृढ़ संकल्पित एवं प्रतिबद्ध है। प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आपदा प्रभावित लोगों को त्वरित राहत पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक कदम तत्परता से उठाए जा रहे हैं।