NEWS PR डेस्क : पटना के राजीव नगर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक कार के अंदर झारखंड के रिटायर्ड इंजीनियर का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान मोतिहारी निवासी और CCL से जनरल मैनेजर के पद से रिटायर हुए आलोक कुमार के रूप में हुई है। वह वर्तमान में रांची के कांके रोड स्थित इंदिरा नगर में रह रहे थे।
घटना फ्रेंड्स कॉलोनी रोड नंबर-4 स्थित जमुना पैलेस की है। आलोक कुमार अपनी बहन से मिलने पटना आए थे। उनका शव पैलेस के नीचे खड़ी कार की ड्राइविंग सीट पर मिला। कार झारखंड नंबर की बताई जा रही है।
कनपटी के पीछे लगी गोली, कार के पास मिली पिस्टल
जानकारी के मुताबिक, आलोक कुमार के सिर में कनपटी के पीछे गोली लगी थी। उनका सिर एक ओर लुढ़का हुआ था। कार के गेट के पास जमीन पर एक पिस्टल भी बरामद हुई है। शव और मौके की स्थिति को देखते हुए प्रथमदृष्टया मामला खुद को गोली मारने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। वहीं, मृतक के एक रिश्तेदार ने हत्या की आशंका जताई है। ऐसे में मौत की वास्तविक वजह क्या है, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
तीन दिन पहले बहन के घर आए थे आलोक
परिजन विनोद कुमार के अनुसार, आलोक कुमार करीब तीन दिन पहले अपनी बहन के घर आए थे। वह पहले भी कई बार यहां आ चुके थे। बताया गया कि वह सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए भी निकलते थे। विनोद कुमार ने बताया कि परिवार को किसी तरह की परेशानी या तनाव की जानकारी नहीं थी। आलोक कुमार का एक बच्चा है, जो फिलहाल बाहर रहता है।
गार्ड ने दी कार खड़ी होने की सूचना
परिजन के मुताबिक, गार्ड ने उन्हें जानकारी दी कि आलोक कुमार की कार लावारिस हालत में खड़ी है। सूचना मिलने के बाद जब वे मौके पर पहुंचे तो कार के अंदर आलोक का शव पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस की जांच के बाद ही यह साफ होगा कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई आपराधिक घटना हुई है। अधिकारियों का विस्तृत बयान अभी सामने नहीं आया है।