BIADA ने 12 औद्योगिक इकाइयों को 9.14 एकड़ जमीन आवंटित की, ₹132.60 करोड़ के निवेश से 2,500 रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना,

Muskan Gupta

बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (BIADA) की प्रोजेक्ट क्लियरेंस कमिटी (PCC) की बैठक BIADA के प्रबंध निदेशक नवीन कुमार, IAS की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में राज्य में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना एवं निवेश को बढ़ावा देने से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान 12 औद्योगिक इकाइयों को 9.14 एकड़ औद्योगिक भूमि एवं प्लग एंड प्ले शेड्स के आवंटन को मंजूरी प्रदान की गई।

स्वीकृत औद्योगिक इकाइयों के माध्यम से लगभग ₹132.60 करोड़ के निवेश की संभावना है, जिससे करीब 2,500 रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। इन इकाइयों की स्थापना पटना, बक्सर, मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, भागलपुर, पूर्णिया, मधुबनी, औरंगाबाद एवं सहरसा में प्रस्तावित है।

बैठक में औद्योगिक भूखंडों के साथ प्लग एंड प्ले सुविधाओं से संबंधित प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। इसके माध्यम से निवेशकों को तैयार औद्योगिक आधारभूत संरचना उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे औद्योगिक इकाइयों की स्थापना एवं संचालन की प्रक्रिया को सुगम और त्वरित बनाया जा सके।

उद्योग मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि राज्य में स्वीकृत हो रही नई औद्योगिक परियोजनाएँ बिहार के औद्योगिक एवं तकनीकी विकास को नई दिशा प्रदान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल आधारित अवसर सृजित होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार सरकार निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण विकसित करते हुए राज्य को आधुनिक औद्योगिक एवं विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उद्योग विभाग के प्रबंध निदेशक नवीन कुमार ने कहा कि राज्य सरकार संतुलित एवं समग्र औद्योगिक विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि BIADA के माध्यम से पारदर्शी एवं समयबद्ध प्रक्रिया के तहत निवेशकों को औद्योगिक भूखंड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही, सुदृढ़ अवसंरचना, बेहतर कनेक्टिविटी, सुगम प्रक्रियाएँ एवं नीतिगत सहयोग के माध्यम से निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि परियोजनाओं का त्वरित एवं प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।

उन्होंने कहा कि यह पहल बिहार को निवेश के लिए एक उभरते औद्योगिक गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इन स्वीकृत परियोजनाओं से राज्य में औद्योगिक निवेश को गति मिलने, औद्योगिक आधार के विस्तार तथा रोजगार के नए अवसरों के सृजन में महत्वपूर्ण योगदान मिलने की संभावना है। BIADA द्वारा औद्योगिक भूमि एवं आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता के माध्यम से राज्य में उद्योगों की स्थापना के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है।

Share This Article