फुलवारी शरीफ स्थित महावीर कैंसर संस्थान के सभागार में रविवार को रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3250 (बिहार एवं झारखंड) की ओर से कैंसर एवं टीबी जागरूकता एवं रोकथाम विषय पर एक भव्य मानवतावादी संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने महावीर कैंसर संस्थान में उपचाररत कैंसर पीड़ित बच्चों से मुलाकात की तथा उन्हें सम्मानित एवं पुरस्कृत किया। बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और मरीजों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम में रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3250 की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अनु नारंग, श्री महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सयान कुणाल, कैंसर एवं टीबी जागरूकता समिति के जिला अध्यक्ष डॉ. एल. बी. सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कैंसर और टीबी जैसी गंभीर बीमारियों की समय पर जांच, उचित उपचार तथा जन-जागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया।
संगोष्ठी में चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों ने कैंसर और टीबी के लक्षण, बचाव एवं आधुनिक उपचार पद्धतियों की जानकारी दी। साथ ही लोगों से नशामुक्त जीवनशैली अपनाने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की गई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता, रोटरी क्लब के सदस्य, मीडिया प्रतिनिधि तथा आम लोग शामिल हुए। आयोजन के सफल संचालन के लिए रोटरी इंटरनेशनल एवं महावीर कैंसर संस्थान के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से योगदान दिया।
फुलवारी शरीफम्मद से इम्तियाज की रिपोर्ट ;–