कटिहार में दिनदहाड़े वकील गुड्डू अंसारी की गोली मारकर हत्या,कोर्ट विवाद या पुरानी रंजिश? पुलिस जांच में जुटी

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: कटिहार: बिहार के कटिहार जिले में सोमवार को दिनदहाड़े एक वकील की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। नगर थाना क्षेत्र के कुम्हार टोली स्थित पटेल चौक के पास बदमाशों ने अधिवक्ता गुड्डू अंसारी को निशाना बनाया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना से जुड़ा कथित LIVE फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति वकील पर गोली चलाता हुआ नजर आ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, गुड्डू अंसारी किसी काम से बाजार इलाके में मौजूद थे। इसी दौरान एक अपराधी ने उन्हें निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि वकील की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही सामने आए वीडियो फुटेज को भी जांच के दायरे में लिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कौन-कौन लोग शामिल थे और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या है।
पुराने विवाद की भी चर्चा
हत्या के कारणों को लेकर फिलहाल कई तरह की बातें सामने आ रही हैं। चर्चा है कि कोर्ट से जुड़े किसी विवाद के चलते अधिवक्ता को निशाना बनाया गया। हालांकि, पुलिस ने अभी इस वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
वहीं, मृतक के परिजनों ने पुराने विवाद का हवाला देते हुए एक व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। डीएसपी विशाल आनंद ने भी मामले की जांच किए जाने की बात कही है।दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद स्थानीय वकीलों में नाराजगी है। बड़ी संख्या में अधिवक्ता थाने पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के साथ कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल पुलिस LIVE फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों के आरोपों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या की वजह और वारदात में शामिल लोगों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Share This Article