भागलपुर के बरहपुरा स्थित रमजान अली लेन में 25 वर्षीय मोहम्मद ताहिर अफरोज की मौत के बाद परिवार ने कर्ज के दबाव और कथित मानसिक प्रताड़ना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि लगातार बढ़ते आर्थिक दबाव और कथित धमकियों के कारण ताहिर मानसिक रूप से परेशान था।
मृतक के बड़े भाई मोहम्मद तनवीर के मुताबिक, घटना वाले दिन ताहिर दुकान से घर लौटा था। कुछ देर बाद वह छत पर गया और फिर नीचे आकर लेट गया। इसी दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। मां ने जब उसकी हालत के बारे में पूछा तो उसने कथित तौर पर कहा— “अब हम नहीं बचेंगे, मुझ पर कर्ज का बहुत दबाव है।”
एक साल पहले घर में लगाया गया था ताला
परिजनों का आरोप है कि करीब एक साल पहले कर्ज को लेकर उनके घर में ताला तक लगा दिया गया था। परिवार का दावा है कि ब्याज के पैसे को लेकर ताहिर पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। मृतक के भाई ने मोहम्मद खाबर, मोहम्मद शौक, अमीर हसन और उर्दू बाजार निवासी अनुज कुमार पर कर्ज की रकम और ब्याज को लेकर मानसिक प्रताड़ना करने का आरोप लगाया है।
फोन और रास्ते में धमकी देने का आरोप
परिवार के मुताबिक, ताहिर को फोन पर और रास्ते में लगातार धमकियां दी जा रही थीं। परिजनों का कहना है कि इसी मानसिक दबाव के बीच उसने कथित तौर पर विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिवार ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
भागलपूर से शयामानंद सिंह की रिपोर्ट ;-