नौबतपुर के गेस्ट हाउस में पुलिस की छापेमारी, किशोरी समेत 16 हिरासत में; संचालक और मैनेजर भी शामिल

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: पटना के नौबतपुर स्थित एक गेस्ट हाउस में पुलिस ने छापेमारी कर एक किशोरी समेत सात युवतियों और नौ युवकों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए युवकों में गेस्ट हाउस का संचालक और मैनेजर भी शामिल हैं। पुलिस को गेस्ट हाउस में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

फुलवारी शरीफ एसडीपीओ-2 उमेश्वर चौधरी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि नौबतपुर के एक गेस्ट हाउस की आड़ में संदिग्ध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने गेस्ट हाउस में छापेमारी की और अलग-अलग कमरों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वहां मौजूद युवक-युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने लाया गया। पुलिस के अनुसार, हिरासत में ली गई सात युवतियां नौबतपुर, बिक्रम, पालीगंज और दुहिलन बाजार इलाके की रहने वाली हैं।
किशोरी का कराया जाएगा मेडिकल
पुलिस ने बताया कि हिरासत में एक नाबालिग किशोरी भी मिली है। किशोरी का मेडिकल कराया जाएगा। पुलिस सभी हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है।
मोबाइल फोन और आपत्तिजनक सामान बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुछ मोबाइल फोन और आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए हैं। बरामद सामान की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गेस्ट हाउस में इस तरह की गतिविधियां कब से संचालित हो रही थीं और इसमें गेस्ट हाउस के संचालक व मैनेजर के अलावा अन्य लोगों की क्या भूमिका थी।
गेस्ट हाउस में आने वाले लोगों की भी जांच
पुलिस गेस्ट हाउस में आने-जाने वाले लोगों और वहां संचालित गतिविधियों से जुड़ी जानकारी भी जुटा रही है। जांच के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गेस्ट हाउस में पहले भी इस तरह की गतिविधियां हुई थीं या नहीं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच पूरी होने के बाद तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट

Share This Article