NEWS PR डेस्क: RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का सूर्य पूजा करते हुए वीडियो सामने आने के बाद उनकी बेटी रोहिणी आचार्य की सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में है। रोहिणी ने अपने पिता के संस्कारों, धार्मिक परंपराओं और सर्वधर्म सम्मान की सीख का जिक्र करते हुए भावुक संदेश साझा किया है।

‘पापा ने हमें हर धर्म का सम्मान करना सिखाया’
रोहिणी आचार्य ने अपनी पोस्ट में लालू यादव को परिवार के मुखिया के साथ-साथ करोड़ों लोगों के दिलों में बसने वाला व्यक्तित्व बताया। उन्होंने लिखा कि उनके पिता ने परिवार को संस्कृति, संस्कारों और रीति-रिवाजों का सम्मान करना सिखाया है।
रोहिणी के मुताबिक, लालू यादव ने हमेशा सभी धर्मों की परंपराओं के प्रति आदर रखने और उनका सम्मान करने की सीख दी। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि पिता से मिले संस्कारों और सीख ने ही उन्हें जीवन जीने का तरीका सिखाया है।
रोहिणी आचार्य ने अपनी पोस्ट में लिखा है- “हमारे पापा केवल हमारे परिवार के मुखिया और करोड़ों दिलों में बसने वाले भगवान नहीं, बल्कि संस्कृति , संस्कारों , रीति – रिवाजों , सर्वधर्म की परंपराओं का निर्वहन , पालन एवं मान करने की जीवंत मिसाल हैं । पापा ने ही सर्वधर्म का सम्मान एवं उनकी परंपराओं का मान और पालन करना हमें सिखाया है l पापा की हर बात में परंपराओं का मान और रीति-रिवाजों की खुशबू रची-बसी है । पापा की छांव में हमने भी उनके दिए गए संस्कारों और उनसे मिली सीख से जीना सीखा है”
लालू-राबड़ी के सूर्य पूजा का वीडियो भी चर्चा में
दरअसल, शनिवार को लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी का भगवान सूर्य को जल अर्पित करते हुए एक वीडियो सामने आया। महालय अमावस्या के अवसर पर दोनों को एक साथ पूजा-अर्चना करते देखा गया। इसके बाद लालू परिवार की धार्मिक आस्था और परंपराओं को लेकर चर्चा तेज हो गई।
बता दें कि लालू यादव और राबड़ी देवी के परिवार में छठ समेत विभिन्न त्योहारों का विशेष महत्व रहा है। वहीं, मकर संक्रांति पर लालू परिवार की ओर से आयोजित होने वाला दही-चूड़ा भोज भी बिहार में राजनीतिक और सामाजिक मेल-मिलाप की एक चर्चित परंपरा है।
पिता से मिले संस्कारों को रोहिणी ने किया याद
रोहिणी आचार्य की पोस्ट में पिता के प्रति सम्मान और उनसे मिली सीख का भाव प्रमुखता से दिखाई देता है। उन्होंने लालू यादव को परंपराओं का पालन करने और सभी धर्मों का आदर करने की मिसाल बताया।सूर्य पूजा के वीडियो और रोहिणी की इस पोस्ट ने एक बार फिर लालू परिवार की धार्मिक परंपराओं और पारिवारिक संस्कारों को चर्चा में ला दिया है।