कैमूर जिले के कुदरा नगर पंचायत क्षेत्र में सैरात वसूली के नाम पर नियम-कानूनों को ताक पर रखकर अवैध उगाही का खेल खुलेआम चल रहा है। नेशनल हाईवे-19 पर भभुआ मोड़ के पास टेंडर धारक के कर्मचारियों द्वारा वाहनों को रोककर जबरन वसूली की जा रही है, जबकि नियमानुसार नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे पर किसी भी प्रकार की सैरात वसूली पूरी तरह प्रतिबंधित है।
नगर निकाय के नाम पर मुख्य सड़क पर पार्किंग या तहबाजारी के नाम पर पैसा लेना गैर-कानूनी है, इसके बावजूद पुलिस और प्रशासन की नाक के नीचे यह अवैध कारोबार बेधड़क जारी है।
इस मामले को लेकर अधिकारियों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। कुदरा नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी उजली राज का कहना है कि इस संबंध में थाने को लिखित सूचना दी गई है, जबकि कुदरा थानाध्यक्ष प्रियेश प्रियदर्शी ने ऐसी किसी सूचना से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि वसूली कहां होनी है, इसकी जानकारी ही नहीं है। वहीं जिले के वरीय अधिकारी भी जिम्मेदारी लेने से बचते नजर आ रहे हैं।
पीड़ित ऑटो चालकों का कहना है कि उनसे रोजाना जबरन वसूली की जाती है और पैसा नहीं देने पर मारपीट तक की जाती है। डर के साए में उन्हें मजबूरन पैसे देने पड़ते हैं।
इधर, कार्यपालक पदाधिकारी उजली राज ने सफाई देते हुए , कहा कि नगर पंचायत की ओर से कोई अवैध वसूली नहीं कराई जा रही है। यदि कोई अवैध वसूली कर रहा है तो उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसको लेकर थाना प्रभारी को लिखित आवेदन दिया गया है।
कैमूर से बर्जेश कुमार की रिपोर्ट ;–