पटना में छात्रों का जोरदार प्रदर्शन,पोस्टर पर लिखा- ‘समोसा जाएगा तेल में, ज्ञानू को भेजो जेल में

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: बिहार की राजधानी पटना में SIR और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन तेज हो गया है। छात्र गांधी मैदान के गेट नंबर 10 से लोक भवन मार्च के लिए निकले। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग की थी, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और डाकबंगला की ओर बढ़ गए। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति भी देखने को मिली।

जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े छात्र
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने गांधी मैदान से लेकर जेपी गोलंबर और होटल मौर्या के पास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। गांधी मैदान के गेट नंबर 10 पर भी अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए गए। पुलिस ने छात्रों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग लगाई थी, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने इसे तोड़ दिया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस छात्रों को हिरासत में लेने के लिए जिस गाड़ी का इस्तेमाल करना चाहती थी, उसकी चाबी लेकर कुछ छात्र भाग निकले। इससे मौके पर स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
पोस्टर के जरिए सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना
प्रदर्शन में शामिल छात्र अपने साथ कई तरह के पोस्टर लेकर पहुंचे थे। इन पोस्टरों पर चुनाव आयोग और SIR प्रक्रिया को लेकर नाराजगी जाहिर की गई। एक पोस्टर पर लिखा था, ‘टियर गैस की व्यवस्था नहीं है?’ वहीं, दूसरे पर भोजपुरी में लिखा था, ‘तोहर कुर्सी उड़ा देब प्रोटेस्ट से।’ एक अन्य पोस्टर पर नारा था, ‘समोसा जाएगा तेल में, ज्ञानू को भेजो जेल में।’ छात्र SIR प्रक्रिया और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

प्रशासन ने गर्दनीबाग में प्रदर्शन करने की दी हिदायत
इस बीच, जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धरना-प्रदर्शन के लिए गर्दनीबाग में निर्धारित स्थल तय किया गया है। प्रशासन के मुताबिक, निर्धारित जगह के अलावा किसी अन्य स्थान पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं होगी। जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आम लोगों की सुविधा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारियों के अनुसार, शहर के अन्य हिस्सों में प्रदर्शन होने से जाम की समस्या पैदा होती है और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

Share This Article