NEWS PR डेस्क: बिहार में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में केसरिया नगर पंचायत की मुख्य पार्षद किरण देवी और उनके पति रजनीश कुमार पाठक उर्फ रिंकू पाठक के खिलाफ जांच तेज कर दी है। मंगलवार को जांच एजेंसी की टीम ने पूर्वी चंपारण और पटना जिले में कुल पांच ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। प्रारंभिक जांच में दंपती की ज्ञात आय से 3.56 करोड़ रुपये से अधिक की कथित संपत्ति अर्जित करने के प्रथमदृष्टया साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है।
ज्ञात आय से 124.81 प्रतिशत अधिक संपत्ति का मामला
EOU के अनुसार, प्रारंभिक जांच में कथित अतिरिक्त संपत्ति का मूल्य 3 करोड़ 56 लाख 65 हजार 118 रुपये आंका गया है। यह दंपती की ज्ञात आय से करीब 124.81 प्रतिशत अधिक बताई गई है। मामले में आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 29/26 दर्ज किया गया है। अब जांच एजेंसी संपत्ति के स्रोत और संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।
केसरिया से दानापुर तक छापेमारी
EOU की टीम पूर्वी चंपारण के केसरिया में चार और पटना जिले के दानापुर में एक ठिकाने पर तलाशी ले रही है। कार्रवाई के तहत चैनपुर मोहल्ले स्थित रजनीश पाठक के पैतृक आवास, केसरिया बाजार में पेट्रोल पंप के पास उनके निजी आवास और युवराज गैस एजेंसी के कार्यालय व गोदाम की तलाशी ली जा रही है। इसके अलावा नगर पंचायत के सरकारी भवन में स्थित मुख्य पार्षद के कार्यालय को भी जांच के दायरे में रखा गया है। पटना जिले के दानापुर स्थित पार्क वेस्ट अपार्टमेंट के बी-101 फ्लैट में भी EOU की टीम तलाशी ले रही है।
अधिकारियों के नेतृत्व में चल रहा अभियान
यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में की जा रही है। अभियान में विशेष टास्क फोर्स भी सहयोग कर रही है। तलाशी के दौरान संपत्ति से संबंधित दस्तावेजों और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच की जा रही है। फिलहाल, EOU की कार्रवाई जारी है। तलाशी पूरी होने और दस्तावेजों की जांच के बाद ही बरामदगी से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आएगी। मामले में लगाए गए आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही निकलेगा।