NEWS PR डेस्क: बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर मतगणना के बीच सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। शुरुआती रुझानों में जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि पटना के मतगणना केंद्र पर हंगामे और नारेबाजी की खबर सामने आई है। दूसरी ओर, दरभंगा में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के उम्मीदवार सुरेश प्रसाद राय आगे चल रहे हैं। प्रत्याशियों की नजर अब अंतिम नतीजों पर टिकी है।
पटना में नीरज कुमार आगे, मतगणना केंद्र पर नारेबाजी
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के शुरुआती रुझानों के मुताबिक, जदयू के नीरज कुमार अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजद के दिलीप कुमार से 900 वोटों से आगे बताए जा रहे हैं। अनंत सिंह के करीबी माने जाने वाले अनुज सिंह 671 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। पटना के बांकीपुर गर्ल्स स्कूल में मतगणना के दौरान उस समय हंगामा हुआ, जब एक व्यक्ति फाइल लेकर अंदर जा रहा था। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने विरोध जताया और ‘वोट चोर’ के नारे लगाए।
दरभंगा में जन सुराज के उम्मीदवार आगे
दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में पहले राउंड की गिनती शुरू होने के बाद दोपहर तीन बजे के रुझानों में जन सुराज के सुरेश प्रसाद राय आगे बताए गए। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी मदन मोहन झा पीछे चल रहे हैं। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में अब तक 9,570 मतों की गिनती की जानकारी दी गई है। इनमें 9,197 मत वैध और 373 मत अवैध पाए गए हैं।
नीरज कुमार ने पारदर्शिता पर दिया जोर
जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार ने कहा कि मतगणना की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कार्यशैली का जिक्र करते हुए कहा कि ‘पूरा बिहार मेरा परिवार है’। साथ ही उन्होंने सम्राट चौधरी और निशांत कुमार के संयोजन को भी मजबूत बताया। नीरज कुमार ने प्रशासन से मतगणना प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने पोलिंग एजेंटों की आधिकारिक सूची जल्द सार्वजनिक करने का आग्रह किया, ताकि प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से पूरी हो सके।
पांच शहरों में मतगणना
बिहार विधान परिषद की चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। कुल 150 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। पटना, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया और सारण में मतगणना जारी है। फिलहाल सामने आ रहे आंकड़े शुरुआती रुझान हैं। अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद ही आठों सीटों पर जीत-हार की स्थिति स्पष्ट होगी।