NEWS PR डेस्क : बिहार के छपरा से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। गरखा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर के पास ट्रक और टेंपो की जोरदार टक्कर में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक मां और उसका महज आठ महीने का मासूम बेटा भी शामिल है। हादसे में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, टेंपो यात्रियों को लेकर भेल्दी की ओर जा रहा था। इसी दौरान पहाड़पुर के पास उसकी ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अन्नू कुमारी, उनके आठ माह के बेटे रियांश और टेंपो चालक-खलासी बताए जा रहे आशीष और अमन के रूप में हुई है। आशीष और अमन आपस में ममेरे भाई थे और भगवान बाजार इलाके के रहने वाले बताए गए हैं।
हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर जुट गए। घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। एक मां और उसके मासूम बच्चे की एक साथ मौत की खबर ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पहाड़पुर में हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद शोक का माहौल है।