NEWS PR डेस्क : राजधानी पटना में अपराध की दो बड़ी घटनाओं ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीती देर शाम एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं, देर रात फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के ईसापुर पुरानी मस्जिद के पास बाइक सवार अपराधियों ने जमीन कारोबारी मोहम्मद आसिफ शाह उर्फ छोटू पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में छोटू को चार गोलियां लगी हैं। गंभीर रूप से घायल कारोबारी को पटना एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घर से 100 मीटर की दूरी पर अंडा खा रहे थे छोटू, तभी बरसाईं गोलियां
मिली जानकारी के अनुसार, मोहम्मद आसिफ शाह उर्फ छोटू अपने घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे अंडा खा रहे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार होकर पहुंचे चार अपराधियों ने उन पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से तीन खोखे और एक पिलेट बरामद किया गया है। एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पैसे के लेनदेन का विवाद आया सामने
मामले को लेकर एएसपी फुलवारी शरीफ वन नारायण उपाध्याय ने बताया कि रात करीब 9 बजे पुलिस को ईसापुर के पास गोलीबारी की सूचना मिली थी। घटना में आसिफ उर्फ छोटू घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए एम्स अस्पताल लाया गया है।
एएसपी ने बताया कि घटनास्थल से तीन खोखे और एक पिलेट बरामद किए गए हैं। एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। घायल व्यक्ति जमीन की खरीद-बिक्री का कारोबार करते हैं। शुरुआती जानकारी में घायल ने पैसे के लेनदेन को घटना का मुख्य कारण बताया है। उन्होंने दो से तीन लोगों के नाम भी पुलिस को बताए हैं।
पुलिस के अनुसार, घायल का लिखित आवेदन या बयान प्राप्त होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। एएसपी नारायण उपाध्याय ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट