पटना पुलिस की तत्परता ने पेश की मानवता की मिसाल, घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :राजधानी पटना में पुलिस ने एक बार फिर मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को पुलिस टीम ने बिना देर किए अस्पताल पहुंचाया और उनके इलाज की व्यवस्था कराई। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से घायल को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी।

हड़ताली मोड़ के पास बस ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, हड़ताली मोड़ के समीप बस की टक्कर से अजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। वह पटना के महेश नगर के रहने वाले हैं। हादसे की सूचना मिलने पर एयरपोर्ट ओपी प्रभारी और उनकी टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाय अपने ओपी वाहन से घायल अजय कुमार को तत्काल एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस की देखरेख में हुआ इलाज और सीटी स्कैन
अस्पताल में पुलिस की निगरानी में घायल का प्राथमिक उपचार कराया गया। इसके साथ ही उनकी स्थिति का आकलन करने के लिए सीटी स्कैन भी कराया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने उनकी देखभाल और इलाज में पूरा सहयोग किया।

मोबाइल नंबर से परिजनों को दी सूचना
घायल की जेब में मिले संपर्क नंबर के आधार पर पुलिस ने उनके परिजनों से संपर्क किया और उन्हें हादसे की जानकारी दी। इसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां पुलिस ने अजय कुमार को उनके सुपुर्द कर दिया। बेहतर इलाज के लिए परिजन उन्हें आगे रुबन अस्पताल ले गए। एयरपोर्ट ओपी पुलिस की इस त्वरित और मानवीय पहल की घायल के परिजनों तथा स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
पटना पुलिस ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि संकट के समय आम नागरिकों की मदद करना भी है।

Share This Article