NEWS PR डेस्क : बिहार में खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने की दिशा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा संदेश दिया है। पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में मुख्यमंत्री ने 52वीं राष्ट्रीय जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता-2026 का दीप प्रज्वलित कर विधिवत उद्घाटन किया। यह प्रतियोगिता 1 नवंबर से 4 नवंबर तक आयोजित की जा रही है। इसमें देश के अलग-अलग राज्यों से आए युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
खिलाड़ियों का किया स्वागत, खेल भावना से खेलने की अपील
उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों का स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका परिचय जाना और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाने का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता भी विकसित होती है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की।
बिहार में बनेंगे 20 नए खेल कॉम्प्लेक्स
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में बिहार में 20 नए खेल कॉम्प्लेक्स बनाए जा रहे हैं। इन खेल परिसरों के निर्माण से खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है।
बिहार की ऐतिहासिक विरासत से रूबरू होंगे खिलाड़ी
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रतियोगिता में शामिल होने आए दूसरे राज्यों के खिलाड़ियों को बिहार के प्रमुख ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाए। उन्होंने कहा कि यहां आने वाली सभी टीमें बिहार की ब्रांड एंबेसडर हैं। खिलाड़ी यहां से बिहार की सकारात्मक छवि और बेहतर आतिथ्य का अनुभव लेकर जाएं।
खेल जगत की हस्तियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कबड्डी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए बलवान सिंह और कॉमनवेल्थ पदक विजेता अर्जुन देशवाल को सम्मानित किया। समारोह में खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह, हरियाणा सरकार के मंत्री किशन लाल पंवार समेत कई अधिकारी और खेल जगत की हस्तियां मौजूद रहीं।
मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए प्रतियोगिता की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।