सुपौल में पत्रकार की हत्या की कोशिश, दो कारों से किया पीछा; टक्कर मारकर गाड़ी पलटाई, फायरिंग के बाद हमलावर फरार !

Muskan Gupta


NEWS PR डेस्क: सुपौल जिले में एनएच-27 पर एक रिपोर्टर पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो काली कारों में सवार बदमाशों ने पहले ओवरटेक कर गाड़ी रोकने की कोशिश की। इसके बाद कोसी ढाबा के पास कार में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे गाड़ी दूसरे लेन के किनारे जाकर पलट गई। हादसे में रिपोर्टर घायल हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने घटनास्थल पर हवाई फायरिंग भी की और मृत समझकर वहां से फरार हो गए।

पीड़ित गोपाल कुमार के आवेदन के अनुसार वह अपनी कार से बेगूसराय जा रहे थे। रास्ते में निर्मली में एक दोस्त को साथ लेना था। रात करीब 11:58 बजे एनएच-27 किनारे बाबा बमभोला पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने के बाद वह आगे बढ़े। झाझा के पास दो काली कारों में सवार लोगों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि कार सवार लोग पिस्टल लहराते हुए गाड़ी रोकने का इशारा कर रहे थे।

आवेदन में बताया गया है कि कोसी ढाबा के पास आरोपियों ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। इससे कार पलट गई और वह अंदर दब गए। इसके बाद हथियार लेकर चार लोग बाहर निकले और हवा में फायरिंग की। आरोपियों ने उन्हें मृत समझकर आपस में बातचीत की और वहां से निकल गए।
घटना के बाद पीड़ित ने मोबाइल से पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उन्हें क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकलवाया और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायगढ़-भपटियाही पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।


पीड़ित ने आवेदन में पुराने विवाद को हमले की वजह बताते हुए एक सप्ताह पहले जान से मारने की धमकी मिलने का भी आरोप लगाया है।इधर, किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार ने सोमवार सुबह करीब 11 बजे बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Share This Article