कटिहार पुलिस लाइन में 10-12 दिनों से रह रहा था फर्जी पुलिसकर्मी, खुद को रिटायर्ड आर्मी जवान बताकर पुलिस को देता रहा चकमा !

Muskan Gupta

NEWS PR डेस्क:  कटिहार में पुलिस लाइन की सुरक्षा व्यवस्था में सेंध का मामला सामने आया है। यहां एक शख्स 10 से 12 दिनों तक फर्जी पुलिसकर्मी बनकर रह रहा था। आरोपी की पहचान दीपक कुमार के रूप में हुई है। आरोप है कि वह खुद को एसएपी जवानों की गाड़ी का ड्राइवर बताकर पुलिस लाइन में रह रहा था। हैरानी की बात यह है कि पुलिस लाइन जैसे अति संवेदनशील परिसर में एक शख्स इतने दिनों तक फर्जी पहचान के सहारे रहा, लेकिन इसकी भनक किसी को नहीं लगी। अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस महकमे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। एसडीपीओ विशाल आनंद ने बताया कि गिरफ्तार शख्स का नाम दीपक कुमार है।

वह रिटायर्ड आर्मी जवान बताया जा रहा है। वह पुलिस लाइन कैसे पहुंचा और उसका इरादा क्या था, इसकी जांच की जा रही है। मामले के सभी बिंदुओं पर पुलिस पड़ताल कर रही है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि दीपक कुमार पुलिस लाइन में किसके संपर्क से पहुंचा था

क्या उसकी पहचान की जांच नहीं की गई थी,

अगर वह खुद को एसएपी जवानों की गाड़ी का ड्राइवर बता रहा था, तो क्या किसी ने उसके दावे की पुष्टि करने की जरूरत नहीं समझी। पुलिस लाइन में रहने के दौरान उसकी गतिविधियां क्या थीं और उसकी असली मंशा क्या थी, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस लाइन जैसे संवेदनशील परिसर में फर्जी पहचान के सहारे 10 से 12 दिनों तक किसी शख्स का रहना सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक है या किसी की लापरवाही, यह जांच के बाद ही साफ हो सकेगा।

कटिहार से रतन कुमार की रिपोर्ट ;-

Share This Article