NEWS PR डेस्क : आरा के चर्चित राम कुमार सिंह हत्याकांड का सफल उद्भेदन करने वाली भोजपुर पुलिस की टीम को सम्मानित किया गया है। भोजपुर पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम के काम की सराहना करते हुए 40 हजार रुपये की नकद राशि देकर पुलिसकर्मियों का हौसला बढ़ाया। पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड में लगभग सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
दरअसल, आरा के नवादा थाना क्षेत्र में हुए चर्चित राम कुमार सिंह हत्याकांड के बाद भोजपुर पुलिस के सामने इस मामले का जल्द खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की बड़ी चुनौती थी। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम लगातार तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई थी।
लगातार छापेमारी और पुलिस की मेहनत के बाद आखिरकार इस हत्याकांड का सफल उद्भेदन किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लगभग सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की भी बरामदगी की गई।
पुलिस टीम को 40 हजार रुपये का इनाम
हत्याकांड के सफल खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी से खुश भोजपुर पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को 40 हजार रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया। इस दौरान एसपी ने टीम के सभी सदस्यों के प्रयासों की सराहना की और कहा कि अपराध नियंत्रण और गंभीर मामलों के उद्भेदन में पुलिसकर्मियों की मेहनत बेहद महत्वपूर्ण है।
पुलिस अधीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि इस कार्रवाई में शामिल टीम के सभी सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा, ताकि बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़े।
राम कुमार सिंह हत्याकांड के खुलासे के बाद भोजपुर पुलिस ने अपनी कार्रवाई को बड़ी सफलता बताया है। वहीं, पुलिस टीम को मिला यह सम्मान दूसरे पुलिसकर्मियों के लिए भी बेहतर काम करने की प्रेरणा बनेगा।
बिहार के आरा से आकाश कुमार की रिपोर्ट ;-