भागलपुर में त्योहारों पर आग से निपटने की खास तैयारी! 17 संवेदनशील जगहों पर दमकल तैनात, काली पूजा विसर्जन तक 24 घंटे अलर्ट रहेगा अग्निशमन विभाग।

Muskan Gupta


NEWS PR डेस्क:दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व को लेकर भागलपुर में अग्निशमन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। त्योहारों के दौरान आगजनी की घटनाओं पर तत्काल काबू पाने के लिए विभाग ने व्यापक तैयारी की है। पिछले 10 वर्षों के आंकड़ों और आग लगने की आशंका वाले संवेदनशील इलाकों को ध्यान में रखते हुए शहर के 17 स्थानों को चिह्नित किया गया है। इन जगहों पर दमकल की गाड़ियों की विशेष तैनाती की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

दरअसल, दीपावली के दौरान पटाखों और आतिशबाजी के कारण आग लगने की घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। वहीं काली पूजा और छठ महापर्व के दौरान भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु सड़कों और पूजा स्थलों पर जुटते हैं। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए भागलपुर अग्निशमन विभाग ने पहले से ही कमर कस ली है।

जिला अग्निशमन पदाधिकारी रमन राज ने बताया कि पिछले 10 वर्षों के आंकड़ों और संवेदनशीलता के आधार पर पूरे शहर को तीन स्तरों में बांटा गया है। इसमें लेवल-1, लेवल-2 और लेवल-3 शामिल हैं। तीनों स्तरों पर अलग-अलग रणनीति के तहत दमकल की गाड़ियों की तैनाती की गई है।

तीन स्तरों में बांटे गए संवेदनशील इलाके

लेवल-1 में सबसे अधिक संवेदनशील 7 स्थानों को शामिल किया गया है। इन जगहों पर 7 नवंबर से 11 नवंबर तक यानी काली पूजा विसर्जन तक दमकल की गाड़ियां 24 घंटे तैनात रहेंगी।

वहीं लेवल-2 के तहत 6 स्थानों को चिह्नित किया गया है। यहां दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे तक पीक आवर्स में दमकल की गाड़ियां मौजूद रहेंगी। इसके अलावा लेवल-3 में 4 स्थानों को शामिल किया गया है, जहां अग्निशमन विभाग की गाड़ियां लगातार गश्त करती रहेंगी।

आपात स्थिति से निपटने की पूरी तैयारी

अग्निशमन विभाग की ओर से दमकल की गाड़ियों की प्री-पोजिशनिंग इस तरह की गई है कि किसी भी इलाके में आग लगने की सूचना मिलते ही वाहन तत्काल मौके पर पहुंच सकें। विभाग का मुख्य उद्देश्य आगजनी की घटनाओं में जान-माल के नुकसान को कम करना और समय रहते आग पर काबू पाना है।

लोगों से की गई सतर्क रहने की अपील

अग्निशमन विभाग ने शहरवासियों से दीपावली सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की है। लोगों से अत्यधिक आतिशबाजी और पटाखों के इस्तेमाल से बचने तथा पटाखे जलाते समय विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। इसके साथ ही आगजनी की किसी भी घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को देने की अपील की गई है।

भागलपूर से शयामानंद सिंह की रिपोर्ट ;-

Share This Article